दिल्ली / एनसीआर

राजपथ पर दिखेगी हरियाणा के खिलाड़ियों की विजय गाथा

हरियाणा के खिलाड़ियों ने टोक्यो ओलिंपिक खेलों में पदकों की झड़ी लगाकर दुनिया में देश और प्रदेश का जो नाम रोशन किया था, उसकी ‘विजय रथ’ रूपी झांकी गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में राजपथ पर प्रदेश का गौरव बढ़ाती नजर आएगी। इस विजय रथ पर हरियाणा के वह तमाम खिलाड़ी सवार रहेंगे, जिन्होंने टोक्यो में पदक जीते हैं।

इससे पूर्व, पांच साल पहले वर्ष 2017 में गणतंत्र दिवस समारोह के लिए ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ थीम पर आधारित हरियाणा की झांकी का चयन किया गया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2015 में पानीपत से इस राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत की थी। ‘हरियाणा खेलों में नंबर वन’ की थीम पर तैयार प्रदेश की झांकी सूचना एवं जनसंपर्क तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग ने तैयार की है।

विभाग के महानिदेशक एवं सीएम के अतिरिक्त प्रधान सचिव डा. अमित अग्रवाल की देखरेख में झांकी रूपी विजय रथ तैयार किया गया है। हरियाणा के लिए यह गौरव की बात है कि देश के केवल 1.3 प्रतिशत भौगोलिक क्षेत्र और 2.09 प्रतिशत आबादी के बावजूद यहां के खिलाड़ियों ने पूरी दुनिया में देश और प्रदेश का नाम बुलंद किया है।

टोक्यो ओलिंपिक 2020 में भारत को कुल सात पदक मिले थे, जिनमें हरियाणा के खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत वर्ग में एक स्वर्ण पदक सहित चार पदक जीते हैं। प्रदेश सरकार ने टोक्यो ओलिंपिक खेलों में भाग लेने वाले प्रदेश के खिलाड़ियों को 25.40 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार प्रदान किए, जबकि पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 28.15 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की गई है। टोक्यो ओलिंपिक और टोक्यो पैरालंपिक 2020 के अलावा, हरियाणा के खिलाड़ियों ने 2012 में हुए ओलिंपिक खेलों में भी भारत द्वारा जीते गए कुल छह पदकों में से चार पदक जीतकर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया था।ओलिंपिक 2016 में भारत को मिले दो पदकों में से एक हरियाणा की देन है। एशियाई खेल 2018 में हरियाणा के खिलाड़ियों ने देश भर के खिलाड़ियों द्वारा जीते गए कुल 69 पदकों में से 17 पदक तथा एशियाई खेल-2012 में कुल 57 पदकों में से 21 पदक जीते थे। राष्ट्रमंडल खेल 2014 और 2018 में हरियाणा के खिलाड़ियों ने 20 और 22 पदक जीतकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था।

Related posts

कई हिस्सों में भारी बारिश, UP-बिहार, हरियाणा समेत इन राज्यों में अलर्ट जारी; पढ़ें मौसम का हाल

GIL TV News

घाघरा नदी में सेल्फी लेने में पलटी नाव, 14 डूबे, 11 को बचाया, तीन बच्चियों की तलाश जारी

GIL TV News

कनाडा में सिख छात्र की लात-घूंसे से पिटाई, आरोपियों ने छिड़का पेपर स्प्रे

GIL TV News

Leave a Comment